इन्दौरः- सरकारी एमवाय में स्ट्रेचर पर सड़े शव की लापरवाह गंध अब निजी अस्पताल तक पहुंच गई है। इलाज के नाम पर मोटी रकम वसूलने वाले अस्पताल मौत का हिसाब बनाकर तिजोरी भरने में लगे हैं। वहीं शव कुतर कर चूहे पेट भर रहे हैं। यहां एक मृत वृद्ध का शव चूहों द्वारा कुतरने का मामला सामने आया है। परिजनों के हंगामे के बाद कलेक्टर ने मजिस्ट्रियल जाँच के आदेश दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इतवारिया बाजार निवासी नवीन चंद जैन 87 को परिजनों ने अन्नपूर्णा में स्थित युनिक अस्पताल में भर्ती कराया था। जैन को सांस लेने में तकलीफ़ हो रही थी। अस्पताल प्रबन्धन ने जैन को कोविड वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा था। रविवार रात को उनकी मौत हो गई। अस्पताल प्रबन्धन की तरफ से रात 3 बजे परिजनों को इसकी सूचना दी गई।

सोमवार दोपहर 12 बजे परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो प्रबन्धन ने 1 लाख का बिल थमा दिया। उन्हें बिल का भुगतान करने के बाद शव दिया गया। शव देखकर परिजनों के होश उड गए। शव के चेहरे और पैर में गंभीर घाव थे। चूहों ने शव को कुतर दिया था। आक्रोशित परिजन ने शव अस्पताल के बाहर रखकर हंगामा कर दिया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश दी। वहीं कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मनीष सिंह ने इंदौर के यूनिक हॉस्पिटल में बुजुर्ग की मौत के बाद शव के साथ हुई घटना पर मजिस्ट्रियल इंक्वायरी का आदेश दिया है। कलेक्टर सिंह ने इन्क्वायरी के लिए एडीएम अजय देव शर्मा को अधिकृत किया है।

Adv from Sponsors