भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कद्दावर नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रुडी के समधी-समधन की रविवार को देहरादून में सड़क हादसे में मौत हो गई है। वे दोनों जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्‍ट्रीय महासचिव केसी त्‍यागी (KC Tyagi) के बहन-बहनोई भी थे। घटना से बिहार के राजनीतिक गलियारे में भी घटना से शोक की लहर है।

बताया जाता है कि राजीव प्रताप रुडी के समधी नीरज त्‍यागी और उनकी पत्‍नी शगुन त्‍यागी मसूरी से लौट रहे थे। रास्‍ते में देहरादून के निकट हादसा हो गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

रविवार सुबह करीब दस बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक इनोवा कार (डीएल-12 सीके 9662) मसूरी मार्ग पर चीलधार के समीप खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही काफी देर तक कैंट थाना देहरादून और मसूरी की पुलिस उनकी तलाश करती रही, लेकिन मोबाइल नेटवर्क न होने के कारण काफी मशक्कत के बाद कार का पता चला। स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया गया।

मृतकों की पहचान 55 वर्षीय नीरज त्यागी पुत्र आम्पल और 52 वर्षीय शगुन त्यागी पत्नी नीरज त्यागी निवासी सेक्टर 40 नोएडा के रूप में हुई है। हादसे में नीरज त्यागी की 27 वर्षीय पुत्री आरुषि त्यागी और 35 वर्षीय ड्राइवर अशोक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

Adv from Sponsors