महाराष्ट्र के धुले जिले में एक रसायन कंपनी से सिलेंडर फटने की खबर आ रही है। हादसे में दस लोगों की मौत हो गयी जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। सिलेंडर फटते ही जोरदार धमाका हुआ जिसकी आवाज से पूरा इलाका थर्रा गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने बताया कि विस्‍फोट में कई लोग घायल भी हुए हैं। घायलों को स्‍थानीय अस्‍पताल में भर्ती कराया जा रहा है। विस्‍फोट इतना भीषण था कि काफी दूर तक उसकी आवाज सुनी गई। सिलिंडर विस्‍फोट से कंपनी को भी काफी नुकसान पहुंचा है।

पुलिस ने बताया कि विस्‍फोट के समय फैक्‍ट्री में 100 लोग काम कर रहे थे। यह फैक्‍ट्री शिरपुर तालुका के वघाडी गांव में स्थित है। बताया जा रहा है कि घटना सुबह 9:45 बजे हुई। एक वरिष्‍ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘प्रथमदृष्‍टया ऐसा लग रहा है कि कई सिलिंडरों में विस्‍फोट हुआ है। अब तक 10 लोगों के शव निकाले गए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है।’

Adv from Sponsors