पटना: पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 30 सालों बाद हो रही कांग्रेस की रैली में राहुल गांधी के साथ राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल होने वाले है। इस रैली के लिए तीनों ने साथ में उड़ान भरी।

तो वहीं कांग्रेस की रैली में मंच पर राजद नेता तेजस्वी यादव, एनडीए से अलग हुए रालोसपा नेता उपेंद्र कुशवाहा, हिंदुस्तान आवाम मोर्चा के नेता जीतनराम मांझी, लोकतांत्रिक जनता दल (लोजद) के प्रमुख शरद यादव, विकासशील इंसान पार्टी के नेता मुकेश साहनी, सीपीआई के सत्यनारायण सिंह, सीपीएम के अवधेश कुमार और बिहार भाकपा-माले के कुणाल दिखेंगे। इसके साथ ही मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद रहेंगे।


आपको बता दें कि कांग्रेस की रैली में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग गांधी मैदान पहुंच रहे हैं। गांधी मैदान के एक नंबर गेट को वीवीआईपी के लिए रिजर्व रखा गया है। आमलोग दूसरे गेटों से मैदान में प्रवेश कर रहे हैं। गेट पर सुरक्षाकर्मी रैली में शामिल होने आए लोगों की तलाशी ले रहे हैं। रैली में कांग्रेस नेता अपने क्षेत्रों के लोगों के साथ पहुंच रहे हैं। कांग्रेस की रैली में निर्दलीय विधायक अनंत सिंह के समर्थक भी पहुंचे हैं। अनंत के समर्थकों ने खास टोपी पहन रखी है, जिसपर एक तरफ राहुल गांधी तो दूसरी तरफ अनंत सिंह का फोटो छपा है।

साथ ही राजधानी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में जन आकांक्षा रैली के जरिए कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए बिगुल फूंक रही है। कांग्रेस इसके जरिए शक्ति प्रदर्शन कर ये भी दिखाने की कोशिश कर रही है कि वो बिहार में उसका भी जनाधार है। भव्य स्तर पर रैली की तैयारी की गई है। मुख्य मंच पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ कांग्रेस शासित राज्यों के सीएम और महागठबंधन के नेता मौजूद होंगे, तो वहीं दूसरे मंच पर कांग्रेस के प्रदेश के तमाम नेता बैठेंगे।

Adv from Sponsors