कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई है जबकि दो अन्य घायल हो गए हैं ।जिले के वन विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि कटघोरा वन मंडल के केंदई वन परिक्षेत्र में जंगली हाथी ने एक महिला को कुचल कर मार डाला। उन्होंने बताया कि हाथी के हमले में महिला का पति और एक बच्ची घायल हो गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों ने बताया, ‘‘केंदई वन परिक्षेत्र के धुमचापुर गांव के समीप हसदेव नदी के किनारे बुधराम :55 वर्ष: का परिवार मछली पकड़ने का काम करता है। शुक्रवार की रात बुधराम, उसकी पत्नी श्याम बाई (50 वर्ष) और सात वर्षीय नातिन नदी के किनारे झोपड़ी में सो रहे थे तभी एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। इस घटना में श्याम बाई की मौके पर मौत हो गई वहीं हाथी के हमले से बुधराम और उसकी नातिन घायल हो गए।’’ उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी जब अन्य लोगों को हुई तब सभी को अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनकी हालत गंभीर बतायी गयी है ।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस क्षेत्र में सात हाथियों का एक दल विचरण कर रहा है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को तत्काल 25 हजार रूपए की सहायता राशि दी गई है तथा शेष राशि नियमानुसार दी जाएगी।

(Source-PTI)

Adv from Sponsors